मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न जिलों से आए 62 स्कूलों के 308 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने 10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दूसरे दिन एयर राइफल में गरिमा तोमर तो एयर पिस्टल में दक्ष ने बाजी मारी। एयर पिस्टल वर्ग में 173 और एयर राइफल में 135 खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन अंडर-14 पुरुष में 64, गर्ल्स में 37, अंडर 17 पुरुष में 97, गर्ल्स में 42, अंडर 19 पुरुष में 40 और महिला में 42 शूटरों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में गौतमबुद्धनगर, मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़, गाजियाबाद, बरेली, बागपत, मथुरा, बुलंदशहर, हल्द्वानी, उधमसिंह नगर, मुजफ्फरनगर, रुड़की, शामली सहित कुल 18 जिलों के स्कूलों ने भागीदारी की। विद्यालय परिसर में दो आधुनिक डिजिटल शूटिंग रेंज स्थापित की गई हैं, जिनमें कुल 30 टारगेट लगाए गए हैं। रेंज एक के इंचार्ज अभिनव चौधरी एवं रेंज दो के इंचार्ज जोनी चौधरी हैं। इस मौके पर सीबीएसई आब्जर्वर नरेश कुमार सहित अन्य ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा।
यह रहे नतीजे
एयर राइफल
गरिमा तोमर (बालेराम बृजभूषण शिशु मंदिर, मेरठ) – 390/400
आदित्य शर्मा (ज्ञानश्री स्कूल, गौतमबुद्धनगर) – 390/400
हरिप्रिया (जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा) – 384/400
एयर पिस्टल
दक्ष राज (एमआईईटी पब्लिक स्कूल, मेरठ) – 379/400
सिद्धार्थ राठौर (बालेराम बृजभूषण शिशु मंदिर, मेरठ) – 377/400
दिव्यांशी त्यागी (बालेराम बृजभूषण शिशु मंदिर, मेरठ) – 363/400