संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर पुलिस ने साइबर ठगी के आरोपी गैंगस्टर सोनू की सोमवार को बजोट गांव के पास करीब 1.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क कर दी। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में यह कार्रवाई की है।
एसपी सिटी के अनुसार, मवाना के पहाड़पुर निवासी सोनू पर साइबर फ्रॉड के जरिए आम लोगों से ठगी कर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी, गैंगस्टर, चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट की 12 प्राथमिकी मेरठ व गाजियाबाद में दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और तहसील प्रशासन ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। इसके बाद जब्ती का नोटिस चस्पा कर संपत्तियों को सील और कुर्क कर दिया। पुलिस ने ग्राम बाजोट स्थित विभिन्न प्लॉटों समेत कुल 862.64 वर्ग मीटर भूमि और एक बलेनो कार को कुर्क किया है। इन संपत्तियों का सर्किल रेट लगभग 43.63 लाख रुपये आंका गया है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
एसपी सिटी का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि संगठित अपराध और साइबर ठगी में लिप्त अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।