केंद्रीय मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से की बात
शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. बालियान ने पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, कमिश्नर मेरठ सेल्वा कुमारी जे और डीएम हापुड़ से बात की। उन्होंने कहा कि पौराणिक एवं धार्मिक मेले में बड़ी संख्या में आसपास के जिलों से श्रद्धालु भैंसा बुग्गी से आते हैं।
लंपी बीमारी के कारण मेले में गधे, घोड़े, खच्चर, गाय को प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने कहा कि वह यह स्पष्ट बताना चाहते हैं कि लंपी बीमारी गोवंश में है। अभी तक किसी भी राज्य से भैंस वंश में यह बीमारी नहीं पाई गई है। सभी गांवों में गोवंशों को लंपी स्किन बीमारी के लिए वैक्सीन दे दी गई है। ऐसे में मेले में भैंस वंश को प्रतिबंधित न किया जाए।
भाजपा नेताओं ने की डीएम-कमिश्नर से वार्ता
भाजपा के जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, को-ऑपरेटिव सोसाइटी के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह ने कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि किसान हर बार परंपरागत तरीके से मेले में जाते हैं, ऐसे में इस पर कोई रोक नहीं लगाई जाए। कमिश्नर ने कहा कि एहितयात के तौर पर गाइड लाइन जारी की गई है, कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। इस दौरान मदनपाल सिंह, ऋषिपाल सिंह मौजूद रहे।