बामनोली गांव के समीप भरा बारिश का पानी स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। गंगा के जलस्तर को लेकर मंगलवार शाम की स्थिति में मामूली बदलाव देखने को मिला। भीमगौड़ा बैराज से शाम 4:00 बजे 1,00,447 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बैराज का गेज 292.10 मीटर दर्ज किया गया। वहीं बिजनौर बैराज से भी शाम 4:00 बजे 1,05,540 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज हुआ। बिजनौर बैराज का गेज 218.50 मीटर रहा।
पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर और बैराज से छोड़े जा रहे पानी पर स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की नजर बनी हुई है। जलस्तर बढ़ने पर खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ और जलभराव का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि फिलहाल गंगा के प्रवाह में उतार-चढ़ाव के बीच स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं खादर क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव और रास्तों पर पानी की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण अभी भी सतर्क हैं। खेतों में खड़ी फसलों को भी जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नुकसान का खतरा बना हुआ है। खादर क्षेत्र में कई किसानों की फसल जलभराव के कारण गलकर नष्ट हो गई। अधिकतर फसल पानी की चपेट में है, जिसमें नुकसान की संभावना है।