गणपति दरबार में जेन जी स्टाइल में म्यूजिकल भजन संध्या में बिखरे भक्ति के रंग
ब्रह्मपुरी, इंद्रानगर सहित आदर्श नगर में हुए कार्यक्रम
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर में विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। वेस्ट एंड रोड शनि शक्तिपीठ एवं बालाजी धाम से यात्रा निकाली गई। गणेश भक्तों ने भगवान गणेश जी के भजनों पर नृत्य किया। अबीर गुलाल उड़ाकर भजन गाए गए। यात्रा से पूर्व महामंडलेश्वर महेंद्र दास महाराज ने विधि विधान से पूजन किया। इस अवसर पर नीरज, देवेंद्र अग्रवाल, कपिल, डॉ. सुभाष, बीना, कविता, आशा आदि रहीं।
सदर तेली मोहल्ले में श्री गणपति सेवा समिति की ओर से आयोजितश्री गणेश महोत्सव के आठवें दिन बैंड ने जेन जी स्टाइल में भजनों की प्रस्तुति देकर गणपति दरबार को भक्तिमय कर दिया। गिटार की धुनों के साथ प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। ख्याति गोयल के नेतृत्व में गिटार पर सुवंश जिंदल, गिरीश वर्मा, देवांश शर्मा, तबले पर अक्षत वर्मा रहे। रितिका, आर्य चौरसिया और शिवम रसिक ने गणपति दरबार में हाजिरी लगाई। अंत में काली पलटन फेम शिवम रसिक ने राधा नाम की सुंदर धुन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को बरसाने की भक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजनों का खूब आनंद लिया। इंद्रानगर में गणेश पूजन किया गया। सुमन लता, साक्षी, निशा, हिमांशु ने गणेश जी के भजन गाए।