मेरठ। आए दिन मेंटीनेंस के दौरान उपभोक्ताओं को आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए गेल गैस कंपनी ने पूरे शहर को रिंग पाइप लाइन से जोड़ने पर काम शुरू कर दिया है। रविवार को मवाना रोड और गढ़ रोड पर लाला लाजपतराय मेडिकल कॉलेज के पास पाइप लाइन पर काम चला। शाम तक कार्य पूरा हो सका। कंपनी पीएनजी लाइन का किला रोड पर भी विस्तार कर रही है। गेल गैस के महाप्रबंधक विनय कुमार का कहना है कि मेरठ में पीएनजी की 1500 किमी लाइन बिछ चुकी है। जिला रेगुलेशन सिस्टम इकाईयों की संख्या भी 11 पहुंच गई है। जहां किला रोड पर सीएनजी नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। शनिवार रात्रि आठ बजे से रविवार शाम तीन बजे तक शटडाउन रहा। इसके चलते मवाना रोड पर गंगानगर और गढ़ रोड पर लाला लाजपतराय मेडिकल कॉलेज के पास गैस की पाइपलाइन को रिंग रूप देने का काम किया गया। इनका कहना है कि आने वाले समय में पाइपलाइन रिपेयर के समय उपभोक्ताओं को कोई दिक्कत नहीं होगी।