सरधना। थाना क्षेत्र के गांव पोहल्ली निवासी गाडिया लोहारों ने उनकी पट्टे की जमीन पर जबरन कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम और तहसीलदार ने समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया।
लाेहार संजय, सुनील, अतरकली, राजवीर, धर्मवीर, कांशी, धारा, रमेश, लख्मी, संजय, मंगल व अन्य बुधवार को तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को दिए शिकायत पत्र में बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने गांव पोहल्ली में लोहार समाज को रहने के लिए 50 गज के प्लाट का आवासीय पट्टा आवंटित किया था। इन पर अधिकतर लोगों ने अपने मकान बना लिए हैं। कुछ लोग कमाने के लिए बाहर गए हुए हैं। इस कारण उनका मकान नहीं बना है।
बताया कि सभी आवंटित पट्टों के दस्तावेज तहसील में जमा हैं। आरोप है कि जिन पट्टों पर उनके लोगों ने मकान नहीं बनाए हैं, उन पर भूमाफिया कब्जा करने के प्रयास में है। आरोप है कि आरोपियों ने जबरन उनके अंगूठे लगवा लिए हैं। बीते शुक्रवार को आरोपी सफेद कार में आया। आरोपी के चालक ने उसका परिचय एसडीएम सरधना के रूप में कराया। आरोप है कि आरोपी सरकारी जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेच देता है। तहसील पहुंचे पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम सरधना नारायणी भाटिया का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार अनुराग सिंह मामले की जांच कर रिपोर्ट देंगे।