सहारनपुर में नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदान के दौरान अक्सर हमारा वोट प्रतिशत कम रहता है, जिसे निकाय चुनाव में किसी भी तरह बढ़ाना है। आचार संहिता अपनी जगह है, जिसका हमको पालन करना है। मगर आप मेरा इशारा समझ रहे होंगे कि हमको क्या करना है।
सोमवार को सर्किट हाउस में निकाय चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सपा, बसपा और कांग्रेस को फ्यूज ट्रांसफार्मर बताया। कार्यकर्ताओं से कहा कि वह निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। नवंबर के आखिरी सप्ताह में सहारनपुर में निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा। हमें नगर निगम में मेयर, नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के अलावा सभासद तथा पार्षद भी भारी संख्या में जिताने हैं। ताकि हमारा बहुमत रहे और किसी भी विकास कार्य में बाधा न आ पाए। कार्यकर्ता तय कर लें कि अपनी दिनचर्या में पार्टी को कितने घंटे देने हैं। मतदाताओं को भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की बारे में बताएं। सम्मान से ही वोट हासिल किया जा सकता है। इसका कार्यकर्ता अच्छी तरह ध्यान रखें। आचरण और व्यवहार का मतदान पर बहुत अधिक प्रभाव पड़ता है। एक-एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह पोलिंग प्रतिशत को बढ़ाए। आदर्श आचार संहिता हमें पालन करना है। मगर जैसे भी वोट प्रतिशत को बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जीजान से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, विधायक प्रदीप चौधरी, देवेंद्र निम, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, राजीव गुंबर, लाज कृष्ण गांधी, संजीव वालिया, हरीश मलिक, केएल अरोड़ा सहित दर्जनों भाजपा नेता मौजूद रहे।
पढ़ें : अफीम की पुड़िया लेकर चलते हैं भाजपा के नेता : अखिलेश यादव
फ्यूज ट्रांसफार्मर से तार जोड़ने से नहीं होगी रोशनी
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया शिलान्यास
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस फ्यूज ट्रांसफार्मर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह लोगों को बताएं कि फ्यूज ट्रांसफार्मर से तार जोड़ने से उनके घर में रोशनी नहीं आएगी। चलता हुआ ट्रांसफार्मर सिर्फ भाजपा है। इसलिए भाजपा को वोट देकर अपने घर में रोशनी लाएं। हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा दिए गए प्रदेश में डबल इंजन की सरकार और भाजपा नेताओं द्वारा अफीम की पुड़िया लेकर चलने वाले बयान पर नगर विकास मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश यादव भी फ्यूज ट्रांसफार्मर हैं। जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली है। प्रदेश की जनता उन्हें पहले ही रिजेक्ट कर चुकी है।
जीएसटी व्यापारियों की मांग
नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि जीएसटी व्यापारियों की मांग है। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान ही जीएसटी पर काम शुरू कर दिया गया था। अब नरेंद्र मोदी सरकार में जीएसटी को लागू किया गया है। हमें इस बात को मन से निकालना होगा कि जीएसटी से नुकसान होगा। जीएसटी लागू होने से व्यापारियों और जनता को बहुत फायदा होगा। कोई भी योजना लागू करने में कुछ समय के लिए कठिनाइयों को सामना करना पड़ता है। मगर बाद में उसका हर वर्ग के व्यक्ति को लाभ मिलता है।
राम मंदिर और ताजमहल के मुद्दे पर भी बोले
नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अयोध्या के श्री राम मंदिर के मसले को बातचीत से निपटाया जाए या फिर न्यायालय जो फैसला सुनाए, उसका हर धर्म के व्यक्ति को स्वागत करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ताजमहल को लेकर चल रहे सियासी घमासान पर कहा कि ताजमहल प्रदेश और देश की धरोहर है। ताजमहल के बारे में गलत ब्यानबाजी करने वालों का वह समर्थन नहीं करते हैं।
जीत का कोई विकल्प नहीं
सर्किट हाउस में कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने निकाय चुनाव के मद्देनजर ली गई बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि जीत का कोई विकल्प नहीं होता है। कार्यकर्ता निकाय चुनाव में जीत का संकल्प लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/