संपूर्ण समाधान दिवस में सेवानिवृत शिक्षक ने डीएम को सुनाई पीड़ा, 99 शिकायतों में सिर्फ आठ का हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने तहसील अधिकारियों के साथ लोगों की शिकायतें सुनीं। कुल 99 शिकायतें आई, जिनमें से मौके पर मात्र आठ का ही निस्तारण हो सका। हस्तिनापुर निवासी प्राथमिक विद्यालय के सेवानिवृत शिक्षक प्रमोद कुमार जैन ने की शिकायत में कहा कि वह पांच साल पहले सेवानिवृत हो चुकें है। लेकिन पेंशन व भविष्य निधि का पूरा भुगतान अभी तक नहीं मिला। पेंशन भी पांच साल बाद शुरु हुई। पत्नी का भी निधन हो गया। प्रमोद जैन ने पेंशन व भविष्य निधि धनराशि का पुरा कराए जाने की मांग की।
बाबूराम कुडी कमालपुर ने मकान को जाने वाले रास्ते को खुलवाने, कटार सिंह अगवानपुर ने पडौसी पर चकरोड में पानी भरने, सुभाषचंद परीक्षितगढ ने केनरा बैंक शाखा से पैसा दिलाने, दुलारी तिगरी ने पीएम आवास के योजना के तहत मकान का निर्माण कराने, रिछपाल भैंसा ने विद्युत कनैक्शन निरस्त कराने, सुचित्रा देवी हस्तिनापुर ने आरोपियों को मकान पर कब्जा करने से रोकने, ब्रजेश मवाना खुर्द ने पीएम आवास योजना में मकान बनवाने की मांग की।
किसान मजदूर उत्थान मोर्चा ने दिया सांकेतिक धरना
किसान मजदूर उत्थान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन के दौरान किसानों पर किए गए मुकदमों को वापस कराने, गन्ना मूल्य 6 सौ रुपये कुंतल घोषित किए जाने समेत कई मांगों को लेकर तहसील में सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने देरी से होने वाले गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान की मांग भी की।। ज्ञापन देने वालों राजबीर नागर, कर्मवीर सिंह,, सुरेंद्र सिंह, कटार सिंह, ब्रजेश, महा सिंह आदि थे।
इन्होंने भी सुनाई पीड़ा
गांव निलौहा के विनोद कुमार, ब्रजपाल सिंह, शरणवीर सिंह, विजयपाल, अनुज कुमार आदि ने शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में मवाना शुगर मिल के दो क्रय केंद्र लगे हैं। दोनों सैंटर छोटी प्लेट के हैं, दोनों सैंटरों पर 20 फीट लंबी प्लेट लगवाए जाने की मांग की है। मोहल्ला हीरालाल निवासी सरिता ने कहा है कि उसका पति रोहताश ठेला लगाता है। 14 सितंबर को उसका पति घर के बाहर बैठा था, तभी दो लोग आए और गाली गलौज करते हुए उसके पति पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू हाथ में लगा। जिसकी सूचना पर मवाना थाना को दी थी। 15 सितंबर को आरोपी ने फिर से घर पर आकर धमकी दी। आरोपियों से परिवार को खतरा है। थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।