भाकियू (अराजनैतिक) ने मंडलायुक्त को प्रार्थना-पत्र भेजा, शिकायतों का समाधान न कराने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने नगर पालिका ईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के जिला संगठन मंत्री अमित चौधरी छबड़िया ने मेरठ मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र भेजकर उन्हें सरधना से हटाने की मांग की है। ईओ पर आरोप लगाया गया है कि ईओ का आम जनता के प्रति व्यवहार असहयोगात्मक और अनुचित है।
समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले लोगों के साथ उनका रवैया ठीक नहीं रहता। शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। बार-बार पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। भाकियू पदाधिकारी ने नगर में जलभराव, गंदगी, सफाई व्यवस्था और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें होने के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे नगरवासियों में रोष और असंतोष बढ़ रहा है तथा नगर की व्यवस्थाएं लगातार खराब होती जा रही हैं। समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा और प्रशासन की छवि प्रभावित हो रही है। अमित चौधरी छबड़िया ने मंडलायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ईओ दीपिका शुक्ला को तत्काल प्रभाव से हटाने और उचित प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि नगर पालिका में जनहित के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।