मेरठ। विश्वविद्यालय कैंपस और कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑफरलेटर कॉलेजों में जमा करने की सोमवार को अंतिम तिथि रही। मंगलवार से कॉलेज मेरिट बनाकर नियमानुुसार प्रवेश करेंगे। ये प्रवेश दो दिसंबर तक चलेंगे। प्रवेश वाले छात्र-छात्राओं की सूची कॉलेजों की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। ऐसे में छात्र-छात्राएं मंगलवार को मेरिट की जानकारी कर प्रवेश लें। मेरठ कॉलेज और एनएएस में वेबसाइट पर ऑनलाइन मेरिट जारी की जाएगी। बाकी कॉलेजों में भौतिक रूप से जाकर मेरिट देखनी होगी।
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में मेरठ और सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में स्नातक के 41 कोर्सों में दो लाख के करीब सीटें हैं। कई महीने से चल रही प्रवेश की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। अब कॉलेजों में सीधे ओपन मेरिट से प्रवेश होंगे। इसको लेकर छात्र-छात्राओं से सोमवार तक ऑफरलेटर जमा करने के लिए कहा गया था। मेरठ कॉलेज और एनएएस में ऑनलाइन ऑफरलेटर अपलोड किए गए। मंगलवार को सभी कॉलेज मेरिट बनाकर प्रवेश शुरू करेंगे। ओपन मेरिट से दो दिसंबर तक प्रवेश लिए जा सकते हैं। ऐसे में छात्र-छात्राएं शुरू में ही जाकर प्रवेश ले लें। एडेड और राजकीय कॉलेजों में सीटें कम हैं, ऐसे में अगर सूची वाले छात्र-छात्राएं एडमिशन नहीं लेते हैं तो दूसरे छात्रों का प्रवेश हो जाएगा। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में सीटें बड़ी संख्या में खाली हैं, ऐसे में वहां पर बिना मेरिट के सीधे एडमिशन किए जाएंगे। छात्र-छात्राएं ऑफरलेटर की वापस मिली प्रति के साथ ही अपने सभी प्रमाण पत्र साथ लेकर जाएं ताकि प्रवेश में समस्या न हो। ब्यूरो
--
30 से ज्यादा कोर्सों का रिजल्ट जारी
मेरठ। विवि कैंपस और कॉलेजों के 30 से ज्यादा कोर्सों का विवि ने सोमवार को रिजल्ट जारी कर दिया है। मंगलवार से इसे विवि की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। इसमें एमए ड्राइंग एंड पेंटिंग, एजुकेशन, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, होम साइंस, इतिहास, दर्शनशास्त्र, गणित, उर्दू, राजनीति विज्ञान, साइकोलॉजी, संस्कृत, सोशोलॉजी, डिफेंस स्ट्डीज और म्यूजिक चतुर्थ सेमेस्टर का रिजल्ट शामिल है। बीएससी कंप्यूटर साइंस, बीएससी होम साइंस सीएनडी, बीवॉक एसीपी, एमआईबी, एमजेएमसी, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, एमकॉम, एमएससी बॉटनी, केमेस्ट्री, फिजिक्स, स्टेटिक्स, मैथ, जूलॉजी चतुर्थ सेमेस्टर के अलावा एमफिल मास कम्युनिकेशन, हॉर्टीकल्चर, माइक्रोबायॅलाजी द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित किया गया है। ब्यूरो