मेरठ/मोदीपुरम। रविवार को शहर से लेकर हाईवे जाम रहा और लोगों को इस परेशानी से बचाने के यातायात पुलिस के इंतजाम छुट्टी पर रहे। पुलिस को जाम खुलवाने में सबसे ज्यादा मशक्कत लालकुर्ती और भूमिया पुल पर करनी पड़ी। वहीं, दिल्ली रोड और परतापुर तिराहा पर देर रात भीषण जाम की स्थिति रही।
बाउंड्री रोड से लालकुर्ती व जीरोमाइल तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रहीं। ट्रैफिक पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। तो जीरोमाइल से बेगमपुल तक जाम लग गया। दोपहर में भूमिया पुल पर लंबा जाम रहा। यहां शाम को भी आड़े तिरछे वाहन जाम में फंसे रहे। केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा के सामने दिल्ली रोड पर वाहन रेंगते रहे। वहीं, मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर निर्माण कार्य के चलते रविवार देर रात तक परतापुर तिराहे से डूंगरावली कट तक भीषण जाम लगा रहा। इसके अलावा भूड़बराल और मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के सामने तथा खरखौदा मोड़ पर वाहन रेंगते रहे। मोदीपुरम में हाईवे पर शाम से शहर से पल्लवपुरम फेज वन और दौराला की ओर दुल्हैड़ा चुंगी तक जाम लगा रहा। इसमें कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं। वाहनों को पल्लवपुरम फेज वन की तरफ डायवर्ट करने से पल्हैड़ा में भी जाम लग गया। सिवाया टोल प्लाजा पर भी जाम के चलते यात्री परेशान रहे।
शादी सीजन में बढ़ेगी मुसीबत
यदि जाम से निपटने के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो शादी सीजन में मुसीबत और बढ़ेगी। हाईवे पर रैपिड रेल निर्माण के चलते भी यातायात बाधित होने लगा है। इससे निकट भविष्य में दिल्ली रोड पर परेशानी खड़ी होगी। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि सभी जगह यातायात पुलिस तैनात की गई थी। रैपिड रेल को लेकर डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है।