सरधना। गांव जुल्हैड़ा के जंगल में दो बीघा कृषि भूमि बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 6.65 लाख रुपये की ठगी कर ली। हालांकि शनिवार को बैनामा करने की बात आई तो पूरा मामला खुल गया। आरोपी ने तहसील से भागने का प्रयास किया परंतु लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
गोटका गांव निवासी पुष्पेंद्र पंवार पुत्र महेंद्र सिंह के साथ बुधवार को जुल्हैड़ा निवासी गौरव पुत्र राजेंद्र ने भी थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि फर्जी तरीके से बैनामे में भूमि की रकम में से 6.65 लाख रुपये आरोपी उससे ले चुका है। बाकायदा रजिस्ट्री दफ्तर से इकरानामा भी कर दिया था। वह शनिवार को बैनामे के लिए तहसील पहुंचा। वहां पता चला कि आरोपी गौरव नहीं है। उसका नाम नकुल पुत्र तेजपाल निवासी रार्धना है। इस पर हंगामा हो गया तभी जुल्हैड़ा के ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। उन्होंने असली गौरव को बुलाया तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि इस षड्यंत्र में कई लोग शामिल हैं। इसमें पहले ठगी का शिकार हुए पुष्पेंद्र गोटका ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। अब भूमि मालिक जुल्हैड़ा निवासी गौरव पुत्र राजेद्र ने भी तहरीर दी है। उधर, थाना पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर मामले में कार्रवाई की जा रही है।