मेरठ। कासमपुर निवासी भूपेंद्र ने अपने चचेरे भाई पर रेलवे में नौकरी लगवाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित से 22.54 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। वहीं पीड़ित को रेलवे के फर्जी लेटर दे दिए। पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई थी।
थाना क्षेत्र के कासमपुर सैनिक नगर निवासी भूपेंद्र ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को शिकायत करते हुए बताया था कि उनका चचेरा भाई शशांक उर्फ आशू निवासी फैजाबाद रोड लखनऊ दो वर्ष पूर्व मिलने के लिए आया था। जहां आरोपी ने पीड़ित के बेटे व पुत्रवधु की रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कही थी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने रेलवे में नौकरी के नाम पर 22.54 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद आरोपी ने दोनों के नाम के फर्जी नियुक्ती पत्र व ट्रैनिंग पत्र दे दिया। इस दौरान पीड़ित को पता चला कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज दिए है।
पीड़ित ने आरोपी से पैसे वापस करने के लिए कहा। जिसपर आरोपी ने पीड़ित को अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस दौरान पीड़ित ने आरोपी को ऑनलाइन पैसे दिए। एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगा दी गई है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।