बहसूमा इफको फर्टिलाइजर की फ्रेंचाइजी के नाम पर माखननगर निवासी महिला के खाते से 10 लाख रुपये की ठगी हो गई। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रुपये दिलाने की गुहार लगाई है।
गांव माखन नगर निवासी प्रियपाल की पत्नी मुनेश देवी ने बताया कि एक माह पूर्व इफको फर्टिलाइजर की फ्रेंचाइजी लेने के लिए उसके बेटे अनुज कुमार ने ऑनलाइन डिस्ट्रीब्यूटर फर्टिलाइजर साइट पर रजिस्ट्रेशन कराया था। ई-मेल पर रजिस्ट्रेशन की गई। रजिस्ट्रेशन नंबर पर 15 नवंबर, 2022 को उसके पुत्र अनुज कुमार ने लाइसेंस के लिए 50 हजार रुपये जमा करा दिए।
19 नवंबर को फिर कॉल आई आपका लाइसेंस तैयार हो गया है। एग्रीमेंट की फीस के नाम पर उक्त खाते में 75,800 रुपये जमा करा लिए। 22 नवंबर को 2,14,572 रुपये खाद्य दवाई के आर्डर के नाम पर जमा करा लिए। 23 नवंबर को इफको फर्टिलाइजर फ्रेंचाइजी की एनओसी के नाम पर 96,800 रुपये जमा कराए। माल के बकाया के नाम पर 2,14571 रुपये की एनएफटी करा ली गई। 24 नवंबर को उक्त खाते में 1,22,200 रुपये बीमा के नाम पर जमा कराए। 25 नवंबर को जीएसटी रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1,48,900 रुपये जमा कराए।
26 नवंबर कॉल आया कि इफको फर्टिलाइजर से ट्रांसपोर्टर बोल रहा हूं। उसने गाड़ी की सिक्योरिटी के नाम पर 1,98,300 जमा कराने को कहा। इस बार पैसा नहीं दिया गया। अब तक न तो फ्रेंचाइजी मिली और ना ही माल मिला। अब उनके फोन भी बंद आ रहे हैं।
पीड़ित मुनेश देवी का कहना है कि वह 10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। पुलिस प्रशासन से ठगी के रुपये बरामद कराने की गुहार लगाई है।