चिकित्सक को प्रवेश दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला दबोचा
बिजनौर। पुलिस ने जौलीग्रांट में चिकित्सक को प्रवेश दिलाने के नाम पर 65 लाख रुपये ऐंठने वाले एक व्यक्ति को दबोचा है। रुपये ऐंठने वाला एक व्यक्ति पहले ही पकड़ा जा चुका है।
आवास विकास चौकी के प्रभारी सुधीर तोमर के मुताबिक काशीपुर के आईटीआई थाना क्षेत्र की वैशाली कॉलोनी निवासी विजयपाल का पुत्र नीतीश कुमार व हल्दौर थाने के गांव बिसाठ निवासी सोहित कुमार दोनों ने एक साल पहले हल्द्वानी से एमबीबीएस किया है। नीतीश ने सोहित से कहा कि उसके पिता विजयपाल की देहरादून के रहने वाले राजकुमार से बढ़िया सेटिंग है। वह सोहित को जौलीग्रांट में प्रवेश दिला सकता है। इसके लिए उसे 65 लाख रुपये का चेक दे दिया। सोहित ने विजयपाल के माध्यम से रुपये राजकुमार को दे दिए लेकिन उसका प्रवेश नहीं हुआ। इस मामले में सोहित ने विजयपाल व राजकुमार के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने राजकुमार को पहले ही दबोच लिया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने विजयपाल को दबोचकर उसका भी चालान कर दिया।