कंकरखेड़ा, मेरठ। दो बच्चों के पिता ने एक युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। सब कुछ जानते हुए भी युवती उससे शादी करने की जिद पर अड़ गई। उसने थाने पर काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने दोनों को फटकार लगाई। बाद में युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
दिल्ली निवासी एक युवती कंकरखेड़ा में नौकरी करती थी। वहीं पर काम करने वाले दूसरे वर्ग के एक युवक से उसकी दोस्ती हो गई। शुरुआत में युवक ने शादीशुदा होने और दो बच्चों का पिता होने की बात युवती से छिपाई। युवती के साथ गहरे संबंध होने पर उसने सबकुछ बता दिया। इसके बाद भी युवती उससे शादी करने को तैयार हो गई। युवती ने युवक के संबंध में परिजनों को बताया तो उन्होंने उसकी नौकरी छुड़वा दी। उसकी शादी करने के लिए मंगनी करा दी। युवती ने फोन पर अपने मंगेतर को प्रेमी के बारे में बताकर मंगनी तुड़वा दी। उसके बाद घर से भागकर कंकरखेड़ा थाने पहुंची। वहां पर युवक से शादी करने की बात कही। जानकारी होने पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को भी थाने बुला लिया।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को फटकार लगाई और जेल भेजने की चेतावनी दी। इसके बाद भी युवती शादी करने की जिद पर अड़ी रही। बाद में परिजनों व पुलिस के समझाने पर युवती मानी। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी को हिदायत देकर छोड़ा गया है।