सरूरपुर। गांव पांचली बुजुर्ग निवासी युवक ने एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी कर ग्राहक के खाते से लाखों रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर थाना पुलिस ने आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव पांचली बुजुर्ग निवासी रामजीलाल ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को दी शिकायत में बताया कि गांव में एसबीआई बैंक की शाखा का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित है। जिसे गांव निवासी सतेंद्र वर्मा संचालित करता है। उसके खाते में करीब 8.10 लाख रुपये से अधिक राशि जमा थी। 26 मार्च को खाते से एक लाख रुपये निकालने लिए सरूरपुर खुर्द शाखा में पहुंचा तो जानकारी हुई कि उसके खाते में रकम नहीं है। उसने गांव में जाकर केंद्र संचालक से शिकायत की तो आरोपी ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर टरका दिया। 28 मार्च को ग्राहक सेवा केंद्र संचालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी बाइक नानू गंगनहर के पास खड़ी मिली थी। इसके बाद ग्रामीणों ने खाते चेक किए तो पता चला कि अधिकतर ग्राहकों के खातों में जमा राशि गायब दी।
आरोप है कि आरोपी गांव से करोड़ों रुपये निकालकर फरार हो गया है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ ग्राहक सेवा केंद्र के बाहर धरना दिया। थाना पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना खत्म किया था, लेकिन आश्वासन के एक सप्ताह बाद भी आरोपी को कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला का कहना है कि आरोपी के तलाश के लिए कई टीम लगी हुई हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।