कस्बा जलालाबाद में मदरसे के निकट मकान में अवैध रूप से रहे म्यांमार के 4 युवकों को गिरफ़तार कर लिया है। पुलिस ने कुल 6 लोगों के खिलाफ विदेशी अधिनियम और धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पकड़े गए युवक यहां एक साल से अवैध रूप से रह रहे थे। पुलिस, खुफिया विभाग और एटीएस की टीमें पकडे गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
थानाभवन के थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि शामली के जलालाबाद से म्यांमार के अब्दुल मजीद निवासी ग्राम ओनेगान थाना क्याकता जिला क्याकता रखैन-अराकान, नौमान अली, रिजवान खान, फुरकान हुसैन निवासी गांव पाडेबान थाना कोजेडान- यंगून को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में शरण देने व मदद करने वालों आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार लोगों के कब्जे से तीन पासपोर्ट, तीन संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी पत्र, विदेशी मुद्रा (म्यांमार के 4 नोट), दो आधारकार्ड, दो बैंकपास बुक और एक एटीएम कार्ड आदि सामान बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार रिजवान और फारमान को स्थानीय मदरसे से पकड़ा गया है जबकि नौमान और मजीद को मदरसे के पास ही खुसनुमा कालोनी से पकड़ा गया है। इन लोगों की वीजा अवधि खत्म हो चुकी थी और जलालाबाद में अवैध रूप से नाम बदलकर रह रहे थे। इन्होंने यहां के दस्तावेज और आधारकार्ड आदि बना लिए थे। पुलिस इनकी मदद करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करेगी।
एसपी अजय कुमार ने कहा कि मुखबिर से म्यांमार के चार युवकों के जलालाबाद में अवैध रूप से रहने की सूचना मिली थी। इस आधार पर चार युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया था। जांच में पाया कि उनके दस्तावेजों की वैधता खत्म हो चुकी थी। अवैध रूप से रहने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।