फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: शवों की हो गई थी बुरी हालत...चेहरे से पहचाना भी हो गया था मुश्किल, परमजीत की आज जानी थी बरात; बुझ गए चिराग

Sun, 09 Nov 2025 03:31 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, शामली

सार

शामली में पानीपत–खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास शुक्रवार की रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
shamli road accident - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शामली के बाबरी थाना इलाके में पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराड़ा उपरिगामी पुल के निकट शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में मारे गए चार दोस्तों में तीन इकलौते पुत्र थे। चौथा युवक दो भाइयों में छोटा था। हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव बरोदा निवासी चार दोस्तों हरिद्वार स्नान करने जा रहे थे।
विज्ञापन


हाईवे पर कैंटर में पीछे से टकराई कार में सवार चारों युवकों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान साहिल (22) पुत्र सुनील कुमार, विवेक (23) पुत्र बलराज, आशीष (24) पुत्र स्वर्गीय मेहरचंद और परमजीत (24) पुत्र आनंद उर्फ लीलू के रूप में हुई है।

पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। देर रात परिजन और ग्रामीण शामली पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त रात में हरिद्वार स्नान करने जा रहे थे। मृतक साहिल के दादा अर्जुन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 
विज्ञापन

परमजीत की रविवार को जानी थी बरात, शादी की खुशियां गम में बदली
ग्रामीण जसविंदर ने बताया कि परमजीत तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह गांव में खेती बाड़ी करता था। उनके पिता आनंद उर्फ लीला की करीब आठ साल पहले मौत हो गई थी। उसकी रविवार को राजस्थान के नागौर बरात जानी थी। घर पर शादी की तैयारी पूरे जोर शोर से चल रही थी। घर में हंसी खुशी का माहौल था, लेकिन परमजीत की मौत के बाद शादी की खुशियां गम में बदल गई।
 

उधर, आशीष गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था। उसकी चार दिसंबर की शादी तय हुई थी। वह घर का इकलौता पुत्र था। उसकी बड़ी बहन ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रही है। आशीष के पिता की करीब 12 साल पहले मौत हो गई थी। विवेक बीए में पढ़ता था। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई राहुल भी पढ़ाई कर रहा है। विवेक अविवाहित था। आशीष के मामा सूरजभान ने नम आंखों से बताया कि उनका एक भांजा नहीं, चार भांजों की दुर्घटना में मौत हुई है। पूरे गांव में शोक की लहर है। उन्होंने दुखी मन से बताया कि इस हादसे ने चार घरों को उजाड़ दिया।
 

साहिल की आठ माह पहले हुई थी शादी
दुर्घटना में मारे गए साहिल करीब दो साल से डाक विभाग में कर्मचारी थे। उनकी आठ माह पहले ही 25 फरवरी 2025 को शादी हुई थी। वह इकलौता पुत्र था और उससे छोटी एक बहन है। कार साहिल के दादा अर्जुन के नाम पर है। हादसे के वक्त कार को आशीष चल रहा था।

 

ओवर स्पीड बनी हादसे की वजह
बुटराड़ा फ्लाईओवर के निकट रात में हुए हादसे की वजह ओवर स्पीड बताई गई है। अर्जुन सिंह की तरफ से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि हाईवे पर आगे चल रहे कैंटर ने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे से तेज गति से चल रही कार को चला रहे आशीष नियंत्रित नहीं कर पाए और मिनी ट्रक में पीछे से घुस गई।

हादसे की भयावह कहानी बयां कर रहे क्षतिग्रस्त कार व कैंटर
पानीपत-खटीमा हाईवे पर बाबरी क्षेत्र में हुए हादसे की भयानक कहानी खुद क्षतिग्रस्त कार और कैटर बयां कर रहे हैं। दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने लोगों की मदद से कार को काटकर चारों दोस्तों को बाहर निकाला। हादसे का मंजर देख लोग सिहर उठे। मिनी ट्रक में पीछे से घुसी कार के परखच्चे उड़ गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। उसमें सवार चारों दोस्तों उसी में फंस गए और पल भर में मौत की नींद सो गए। चारों दोस्त बुरी तरह कुचले गए थे, जिससे उन्हें चेहरे से पहचाना भी मुश्किल हो रहा था।

उधर, कार की टक्कर लगने के बाद मिनी ट्रक की ऊपर की बॉडी जहां क्षतिग्रस्त हुई वहीं उसके पिछले पहिये भी निकल गए। मिनी ट्रक का केबिन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया है कि पुलिस व आसपास के लोगों ने कार को काटकर उनमें फंसे चारों दोस्तों के शवों को निकाला गया।
 

सुबह जाना था हरिद्वार, चारों दोस्त को रात में ही मौत खींचकर ले आई
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को उनके गांव बरोदा निवासी लड़की की गोहाना में शादी थी। चारों साथी उस शादी समारोह में आए थे। उन्हें शनिवार सुबह को हरिद्वार जाने और शाम तक घर लौटना था, लेकिन उनमें से किसी दोस्त के परिचित के यहां मुजफ्फरनगर में शादी थी। चारों दोस्तों ने देर शाम को कार्यक्रम बनाया कि रात में मुजफ्फरनगर में शादी में शामिल होंगे और इसके बाद हरिद्वार स्नान करने चले जाएंगे और सुबह तक वापस आ जाएंगे। गोहाना से चलने के बाद उन्होंने फोन पर परिजनों को इसके बारे में जानकारी दे दी थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही थी। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को घर ले गए।

स्विफ्ट कार कैंटर में घुसी, चार युवकों की मौत
शामली में पानीपत–खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास शुक्रवार की रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

सूचना मिलते ही एएसपी संतोष कुमार और बाबरी थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार चकरखी दादरी नंबर (एचआर-19 के-8004) की है और हादसे के वक्त चारों युवक संभवतः मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
 
विज्ञापन

कार के अंदर से कुछ शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि कार सवार युवक नशे में थे। पुलिस ने चारों मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभी पहचान नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें