मेरठ। चार और मरीजों ने मंगलवार को कोरोना को मात दे दी। चारों को मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 अस्पताल से मंगलवार देर रात छुट्टी दे दी गई। यह रोगी सरायजीना कोतवाली निवासी एक ही परिवार के 3 सदस्य शिवानी जोशी (18), सुमित (23) और दीपिका (17) हैं। तीनों भाई बहन हैं। इन तीनों ने मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड के चिकित्सकों, नर्सों, वार्ड ब्वॉयज और स्वीपर्स के अलावा प्रबंधन की सराहना की। इक्का-दुक्का कमियों को छोड़कर यह लोग व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। इनके एडवोकेट पिता अभी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में भी धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। चौथी रोगी राधा ।32) कालियागढ़ी मेडिकल निवासी हैं। उन्होंने भी आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इन 4 रोगियों के जाने के बाद अब कोविड-19 अस्पताल में कुल 36 पॉजिटिव रोगी रह गए हैं। इनमें से आईसीयू में भर्ती एक रोगी की हालत अभी भी गंभीर बनी है। नोडल अफसर डॉ. टीवीएस आर्य ने बताया कि भर्ती मरीजों का इलाज चल रहा है।