सरधना (मेरठ)। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को सुबह रेलवे लाईन निर्माण स्थल से लोहे के सरिये चोरी करते गाड़ी समेत चार लोग पकडे़। चोरी कराने वाले दो सिक्योरिटी गार्ड को भी पुलिस ने मौके से पकड़ा। पुलिस उन्हे़ं पकड़कर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ चल रही है।
सरधना कोतवाली के एसआई नफीस ने बताया कि खिर्वा-पोहल्ली व नयागांव के जंगल में रेलवे लाइन निर्माण का कार्य चल रहा हैं। जिसमें निर्माण के दौरान वहां से सरिया चोरी होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। मुखबिर की सूचना पर सोमवार को सुबह के समय दबिश देकर एक छोटा हाथी में लोहे के सरिये लादते चार युवकों को पकड़ लिया,जिसमें दो सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल थे। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले आई और उनसे पूछताछ की जा रही है। दो युवकों ने बताया कि उन्हें जसड़ गांव निवासी युवक मजदूरी पर सरिया लदवाने के लिये ले गया था, उन्हें पता नहीं था कि वह चोरी का सरिया लदवाने ले जा रहा है। जसड़ निवासी युवक वहां पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है, जिस कारण किसी को शक नहीं हुआ कि वह चोरी करके सरिया गाड़ी में लदवा रहा है। मामले में अटेरना व जसड़ निवासी युवक को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उधर, थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक ने बताया कि अभी युवकों से पूछताछ की जा रही है, मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। रेलवे निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार व संबधित अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।