सहारनपुर। नुमाइश कैंप के केशवनगर निवासी दूध व्यापारी सोमनाथ के परिवार की एक साथ चार चिताएं जलते देख वहां मौजूद हर किसी का दिन दहल गया। हर व्यक्ति की आंख नम हो गईं। सोमनाथ भंडारी के चचेरे भाई सुनील कुमार ने चारों को मुखाग्नि दी।
सोमनाथ भंडारी और उनके परिजनों की सड़क दुर्घटना में मौत होने की सूचना मोहल्ले में पहुंची तो मोहल्ले के लोग घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। सोमनाथ के घर के आसपास और मोहल्ले में पूरे दिन गम का माहौल रहा।
दोपहर बाद सोमनाथ भंडारी के घर पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लगभग तीन बजे सोमनाथ भंडारी, मंजू, राजरानी और जगन्नाथ भंडारी के शव एक साथ घर पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। सिर्फ परिजन ही नहीं मोहल्ले के लोग भी रो पड़े। लगभग चार बजे चारों के शवों को श्मशान ले जाया गया। घर से लेकर श्मशान तक जब चारों की एक साथ शवयात्रा निकलते जिसने भी देखा शोक में डूब गया। लगभग पूरा परिवार ही खत्म हो गया। शाम लगभग पांच बजे शवों का अंतिम संस्कार किया गया। सोमनाथ के चचेरे भाई सुनील कुमार ने चारों शवों को मुखाग्नि दी।
पढ़ें : ड्राइवर को लगी झपकी और खत्म हो गईं पांच जिंदगियां, देखें तस्वीरें