मेरठ। सिविल लाइन पुलिस ने दो मोबाइल लुटेरों समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर्रहमान सिद्दीकी के अनुसार, बुधवार देर शाम सूचना मिली कि एनएएस कॉलेज के पास लुटेरे किसी से लूटे गए मोबाइल का सौदा कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से छह मोबाइल फोन जब्त किए। थाने में पूछताछ के दौरान बदमाशों की पहचान अजहर पुत्र सलीम निवासी लक्खीपुरा, चांद पुत्र महमूद निवासी पिलोखड़ी, शाहिद पुत्र याकूब निवासी श्यामनगर और माचा उर्फ आदिल पुत्र गुड्डू निवासी तारापुरी के रूप में हुई। बदमाशों ने बताया कि वह लूट के मोबाइल एक से डेढ़ हजार में बेच देते हैं। मोबाइल बिकवाने वाले को तीन से चार सौ रुपये देते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरोह के एक फरार बदमाश की तलाश में दबिश दी जा रही है। इन बदमाशों ने सिविल लाइन के अलावा नौचंदी, मेडिकल थाना क्षेत्रों में भी लूट की वारदात की हैं। मेरठ कॉलेज की छात्रा से कमिश्नरी के पास इन्हीं बदमाशों ने मोबाइल लूटा था।