उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से महाराष्ट्र के पुणे में गन्ना कोल्हू पर मजदूरी करने गए चार सगे भाइयों की वहां नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। देर रात तक परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा।
नगर के मोहल्लला इस्लामनगर निवासी सलीम शेख नगर में बैंड बजाने का काम करता था। लॉकडाउन में काम न मिलने के कारण वह 13 जून को महाराष्ट्र के पुणे चला गया। वहां पुणे के पास ही एक गांव में अपने चारों बेटों शानू (18), फैसल (17), नवाजिश (15), दानिश (13) के साथ गन्ना कोल्हू पर मजदूरी करने लगा।
सलीम के भाई समीम अहमद ने बताया कि मंगलवार दोपहर चारों भाई कोल्हू के नजदीक ही बह रही नदी में नहाने चले गए। गहरा पानी होने के कारण चारों डूब गए। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से उनकी तलाश की गई।
कुछ घंटे बाद चारों भाइयों के शव बरामद हुए। देर शाम परिवार को घटना की सूचना मिली तो कोहराम मच गया। समीम ने बताया कि सलीम की पत्नी और एक छोटा बेटा नूरपुर में ही रहते हैं।