मेरठ। इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से तमंचे बेचने वाले चार आरोपियों को टीपीनगर पुलिस और स्वाॅट टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को हथियार सप्लाई करने वाला रवि पुलिस के हाथ नहीं आया है। आरोपी चार हजार में तमंचा खरीदकर उसे पांच से छह हजार रुपये में बेच देते थे। गिरोह के सरगना अनिल के खिलाफ गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और हरिद्वार में गैंगस्टर, डकैती, अपहरण और आर्म्स एक्ट आदि के 12 मुकदमें दर्ज हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि टीपीनगर पुलिस और शहर क्षेत्र की स्वॉट टीम हथियार तस्करों की सूचना मिलने पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। शिवपुरम फाटक के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों को छह तमंचे और आठ कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। चारों को थाने ले जाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम ग्राम भूड़पुर थाना भावनपुर निवासी अनिल उपाध्याय, कंकरखेड़ा के दांतल जिटौली निवासी सचिन जोगी व नोनू और मुजफ्फरनगर के हरियाखेड़ा गांव निवासी भगत सिंह बताए। भगत सिंह फिलहाल कंकरखेड़ा में जिटौली रोड पर किराए के मकान में रह रहा था। आरोपियों ने बताया कि वह काली नदी पुल के पास रहने वाले रवि से चार हजार रुपये में तमंचा खरीदते थे। इसे पांच से छह हजार रुपये में डिमांड के अनुसार बेचते थे। एक-दूसरे के परिचितों के माध्यम से हथियार खरीदने वाले ग्राहक तलाश करते थे। इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए भी हथियार खरीदने वालों से संपर्क करते थे। बृहस्पतिवार को वह शिवपुरम फाटक के पास तमंचे बेचने आए थे। एसपी सिटी ने बताया कि रवि को तलाश किया जा रहा है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।