पश्चिमी उत्तर प्रदेश की युवा पीढ़ी को लगातार नशीले पदार्थों की लत लगाई जा रही है। पल्लवपुरम पुलिस ने बुधवार को इसका भंडाफोड़ करते हुए अलीगढ़ निवासी चार युवकों को करीब 32 लाख रुपये कीमत के 16 किलो गांजे (नशीला पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया है। यह गांजा हरिद्वार की एक महिला को सप्लाई किया जाना था। जिसके बाद महिला अपने नेटवर्क से इसे हरिद्वार सहित वेस्ट यूपी में सप्लाई करती।
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी और सीओ दौराला बीएस वीर कुमार ने बुधवार दोपहर पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता की। जिसमें सुरेंद्र नगर अलीगढ़ निवासी नीरज कुमार पुत्र हरीशचंद्र और सुनील राजपूत पुत्र राजबहादुर, गांधी पार्क अलीगढ़ निवासी राजीव गुप्ता और भगवान नगर सासनी गेट अलीगढ़ निवासी विशाल गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश को मीडिया के सामने पेश किया। एसपी सिटी ने बताया कि इंस्पेक्टर पल्लवपुरम सत्येंद्र प्रकाश सिंह की टीम ने मोदीपुरम चेक पोस्ट के पास स्विफ्ट कार की चेकिंग के दौरान इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से आठ पैकेट (16 किलो) गांजा बरामद किया गया। जिसकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 32 लाख रुपये बताई जाती है। चारों आरोपियों का एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया।