हस्तिनापुर (मेरठ)। क्षेत्र के गांव किशोरपुर के समीप वन आरक्षित क्षेत्र में कृष्ण वन ब्लाक में ई-कचरा को गलाने का कार्य अवैध रूप से किया जा रहा है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापा मारकर एक ट्रक ई-कचरा व चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर विभाग द्वारा एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि वन कर्मियों को काफी दिन से सूचना मिल रही थी कि किशोरपुर के समीप कुछ अवैध कार्य चल रहा है, जिससे काफी प्रदूषण हो रहा है। जानकारी करने पर पता चला कि इस स्थान पर ई-कचरे की रिसाइकिलिंग की जा रही है। जिसकी वन विभाग की टीम तीन दिन से जानकारी एकत्र कर रही थी। बृहस्पतिवार की देर रात क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने छापा मारा। मौके से लगभग 40 क्विंटल ई-कचरे के साथ एक कैंटर गाड़ी, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपना नाम सलीम निवासी मोहल्ला मुन्नालाल मवाना, तालिब, माेहित, जितेंद्र निवासी गांव अकबरपुर गढ़ी बताया। उन्होंने बताया कि यह ई-कचरा लोनी गाजियाबाद की फैक्टरी से यहां लाया जाता था और इसे गलाकर विभिन्न प्रकार की धातुओं को (साॅलिड वेस्ट) को अलग कर वापस भरकर ले जाते थे। जिस स्थान पर कचरे को गलाने का काम किया जा रहा था, वह बूढ़ी गंगा की दलदली झीलों के पट्टे हैं। इस स्थान पर ऐसा कृत्य करना वन्य जीवों के लिए हानिकारक है। कचरे से निकलने वाला धुआं उन्हें प्रभावित कर सकता है।