दिलशाद गांव में नियमित रूप से युवकों के साथ खेलते थे
हैदराबाद में कपड़े का व्यवसाय करते थे, गांव में शोक व्याप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। थाना सरधना के खिर्वा-जलालपुर गांव में बृहस्पतिवार शाम पूर्व प्रधान सगीर कुरैशी के बेटे दिलशाद कुरैशी (42) की वॉलीबाल खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। दिलशाद हैदराबाद में कपड़े का व्यवसाय करते थे। वह गांव में युवाओं के साथ नियमित रूप से खेलकूद में हिस्सा लेते थे। माना जा रहा है कि हृदयघात के कारण मौत हुई। खेल के दौरान अत्यधिक शारीरिक श्रम के चलते अचानक ऐसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम दिलशाद गांव के बाहरी छोर पर स्थित खेल मैदान में अन्य युवकों के साथ वॉलीबाल खेल रहे थे। कुछ समय बाद वह मैदान के किनारे आराम करने लगे। इसी दौरान पास लगे एक पेड़ से अपनी जर्सी लेने के लिए जैसे ही उन्होंने कदम बढ़ाया तो सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और वह अचानक गिर पड़े। अन्य खिलाड़ी तुरंत उनके पास पहुंचे और घटना की सूचना परिजनों को दी।
परिजनों ने उन्हें बेहोशी की हालत में तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बारे में परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। देर रात शव दफना दिया गया। दिलशाद अपने पीछे पत्नी शबनम और छह बच्चों माज, जैद, रुकैया, अबुजर, उजैफ और अली को छोड़ गए हैं।
डॉक्टरों की राय और बचाव के उपाय
खेल के दौरान अचानक होने वाली मौत की घटनाएं लगातार हो रही हैं। जिला अस्पताल की हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आरती फौजदार के अनुसार अत्यधिक शारीरिक श्रम, तनाव, और अनियंत्रित जीवनशैली हृदय संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकती है। वॉलीबाल जैसे खेलों में शरीर पर अचानक अधिक भार पड़ता है। यदि किसी व्यक्ति को हृदय संबंधी कोई पूर्व समस्या है तो ऐसी स्थिति में भी हृदयघात का खतरा बढ़ जाता है।
डॉक्टरों की सलाह...
नियमित स्वास्थ्य जांच : विशेष रूप से 30 वर्ष की आयु पार कर चुके लोग जो नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों में भाग लेते हैं, उन्हें हृदय संबंधी जांच अवश्य करवानी चाहिए।
धीरे-धीरे व्यायाम की शुरूआत : यदि लंबे समय से कोई व्यक्ति शारीरिक गतिविधि से दूर रहा है तो उसे धीरे-धीरे और कम तीव्रता वाले व्यायाम से शुरुआत करनी चाहिए।
शरीर के संकेतों पर ध्यान दें : खेल के दौरान या बाद में सीने में दर्द, सांस फूलना, चक्कर आना या अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
संतुलित जीवनशैली : स्वस्थ आहार, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन हृदय को स्वस्थ रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
हाईड्रेशन : खेल के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीना आवश्यक है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।