संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। साइबर अपराधियों ने सिवालखास से भाजपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई के भाई और एक स्कूल संचालक हरेंद्र का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके परिचितों से रुपये ऐंठ लिए। ठगों ने स्कूल संचालक बनकर अलग-अलग लोगों से संपर्क किया और तत्काल जरूरत का हवाला देकर ऑनलाइन भुगतान कराने लगे। इस तरह सात लोगों से करीब 1.85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई के छोटे भाई हरेंद्र उर्फ बब्लू गांव में एक पब्लिक स्कूल का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम कुछ परिचितों ने रुपये भेजने के बाद उनसे संपर्क किया। तब उन्हें पता चला कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है और उनके नाम से लोगों को संदेश भेजकर ऑनलाइन रुपये मांगे जा रहे हैं।
जानकारी मिलते ही हरेंद्र ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर अपने परिचितों से अपील की कि उनके व्हाट्सएप नंबर से आने वाले किसी भी रुपये मांगने वाले संदेश या कॉल पर भरोसा न करें। उन्होंने बताया कि जब तक उन्हें मामले की जानकारी मिली, तब तक साइबर ठग सात अलग-अलग लोगों से करीब 1.85 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा चुके थे। मामले की शिकायत साइबर सेल और संबंधित पुलिस अधिकारियों से की गई है।