डीएम से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शाहिद मंजूर डीएम ऑफिस में जिलाधिकारी के न मिलने पर इस कदर बौखलाये कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अपशब्द कह दिए। पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर गगोल स्थित पराग दुग्ध संघ के चुनाव के मामले में वार्ता के लिए जिलाधिकारी समीर वर्मा से मिलने आए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11.30 बजे शाहिद मंजूर अपने समर्थकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन तब तक डीएम जा चुके थे। उस समय वहां पर एसीएम सदर ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव मौजूद थे। शाहिद मंजूर ने जाते ही जिलाधिकारी से मिलने की बात कही, जिस पर स्टॉफ ने बताया कि डीएम साहब तो जा चुके हैं। इस पर शाहिद मंजूर ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि अधिकारी दफ्तरों में बैठकर समस्याएं सुनें और अधिकारी कार्यालय में बैठते ही नहीं हैं। इसका मतलब मुख्यमंत्री का अधिकारियों पर नियंत्रण ही नहीं है। इस दौरान वहां मौजूद एसीएम सदर ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर से कहा कि मुख्यमंत्री ने सुबह 9 बजे से 11 बजे तक अधिकारियों को कार्यालय में बैठकर जनता की समस्या सुनने के लिए कहा है। जिलाधिकारी भी 11 बजे के बाद ही कार्यालय से गए हैं। इस पर उखड़े शाहिद मंजूर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ अपशब्द कहे। कहा कि भला 11 बजे तक गांव देहात से व्यक्ति कैसे अपनी समस्या लेकर अधिकारियों के कार्यालय पहुंचेगा। पूर्व मंत्री के मुंह से मुख्यमंत्री के लिए अपशब्द सुनते ही जिलाधिकारी कार्यालय में मौजूद सभी लोग सन्न रह गये। इसके बाद शाहिद मंजूर यह कहते हुए कार्यालय से निकल गये कि समस्याएं तो बहुत थीं, लेकिन कोई सुनने वाला ही नहीं है।
उधर, शाहिद मंजूर ने कहा कि मैं कलक्ट्रेट में पराग डेयरी से संबंधित होने वाले चुनाव की जानकारी करने गया था। सभी जगह चुनाव हो रहे हैं, मगर मेरठ में क्यों नहीं हो रहे। लेकिन डीएम वहां नहीं थे। वहां एसीएम मिले, जिन्होंने एडीएम ई और एडीएम सिटी को फोन किया। इस दौरान मैंने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश तो सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक बैठने के हैं। इस पर एक अधिकारी ने कहा कि आदेश दो बजे तक नहीं सुबह 11 बजे तक के हैं। इसके अलावा कोई बात मैंने नहीं कही है।