फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फोरेंसिक रिपोर्ट में सुलझेगी छात्रों की मौत की गुत्थी

Sun, 18 Sep 2016 02:02 AM IST
अमर उजाला ब्यूरों
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 नीलकंठ इंस्टीट्यूट के दो छात्रों की मौत की गुत्थी फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट में ही सुलझेगी। शनिवार देर शाम थाने पहुंची पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या और आत्महत्या की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। रिपोर्ट न लिखने पर पीड़ित परिवार ने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फोरेंसिक लैब से जांच कराई जाएगी। जिसमें स्थिति साफ हो जाएगी।
विज्ञापन

सदर बाजार क्षेत्र के सोतीगंज पुराना बर्फखाना निवासी लक्ष्य (19) पुत्र चरणसिंह और उसके दोस्त रोहित तिवारी के शव शुक्रवार देर रात मोदीपुरम स्थित गैस गोदाम के सामने रेलवे ट्रैक पर मिले थे। परिजनों ने सिर कुचलकर हत्या करने के बाद शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया था। शनिवार को दोनों छात्रों के शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।

रिपोर्ट में स्थिति अस्पष्ट
शाम सात बजे पोस्टमार्टम रिपोर्ट थाने पहुंची। एसओ पल्लवपुरम रविंद्र कुमार पंत ने बताया कि अभी स्थिति अस्पष्ट है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या होने के संकेत ज्यादा हैं। दोनों को गंभीर चोट लगी है। हो सकता है कि ये ट्रेन से टकराने के बाद लगी होंगी। लेकिन यह भी हो सकता है कि दोनों छात्रों को ट्रेन के सामने फेंका गया हो। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों छात्रों का बिसरा जांच के लिए फोरेंसिक लैब आगरा भेजा जाएगा। रिपोर्ट में छात्रों की हत्या या आत्महत्या का मामला स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल पीड़ित परिवार की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट लिखी जा रही है।
विज्ञापन


ट्रेन के ड्राइवर से भी होगी पूछताछ
एसओ पल्लवपुरम ने बताया कि जिस ट्रेन के ड्राइवर ने शुक्रवार रात ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना दी थी, उससे पूछताछ होगी। पुलिस शनिवार को कैंट स्टेशन पर गई थी, लेकिन अभी ड्राइवर नहीं मिला। उनका मानना है कि हो सकता है कि ड्राइवर इस मामले में सही जानकारी दे सके।

थाने में जमकर हंगामा
शनिवार सुबह तक हत्या की रिपोर्ट दर्ज न होने और मोर्चरी पर कागज न पहुंचने पर पीड़ित परिवार की महिलाएं पल्लवपुरम थाने में हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गईं। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। हंगामे के दौरान वार्ड 50 से पार्षद सुनीता प्रजापति, कैँट से सपा प्रत्याशी परविंद्र ईशु भी पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्रेम प्रसंग के प्वाइंट पर भी जांच की जा रही है। गंगानगर के एक कॉलेज के छात्रों से हुए विवाद का मामला भी जांच में शामिल है।

मां ने मांगा इंसाफ
लक्ष्य की मां गीता का कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। शुक्रवार शाम रोहित ने लक्ष्य को कॉल कर बर्थडे पार्टी में जाने की बात कही थी। मैंने लक्ष्य को जाने से मना करते हुए उसकी स्कूटी की चाबी तकिये के नीचे छिपा दी थी। लेकिन जिद के चलते लक्ष्य चुपचाप स्कूटी लेकर निकल गया था। मैंने पहले ही लक्ष्य को रोहित से दूर रहने को कहा था। आज उसकी जिद के चलते हमें ये दिन देखना पड़ा। पुलिस इसकी गहराई से जांच कर इंसाफ दिलाए। उधर, रोहित के परिजन शनिवार को भी थाने नहीं पहुंचे। केवल मोर्चरी पर ही रहे। न तो उन्होंने तहरीर दी और न लक्ष्य के परिजनों से बातचीत की।

लक्ष्य पहुंच गया क्या
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक युवक ने लक्ष्य की मां को फोन कर पूछा था कि क्या लक्ष्य घर आ गया। लेकिन लक्ष्य घर नहीं पहुंचा था। परिजनों को शक है कि युवक को पूरे मामले की जानकारी थी। उसे तहरीर में नामजद किया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि लक्ष्य और रोहित के दोस्तों से भी पूछताछ होगी। पूछा जाएगा कि शुक्रवार को किस दोस्त का बर्थडे था। लक्ष्य और रोहित के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली गई है। परिजनों ने जिन तीन युवकों पर आरोप लगाया है, उनमें एक एनएएस कॉलेज का छात्रनेता भी बताया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें