दिल्ली-मेरठ हाईवे पर मोहिउद्दीनपुर के पास सोमवार दोपहर आई-10 कार और स्कॉर्पियो में टक्कर हो गई। आई-10 कार में जापान की युवती गाइड के साथ सवार थी। भिड़ंत के बाद दोनों कारों के चालक आपस में उलझ गए। इस बीच विदेशी युवती से लूट का शोर मच गया। मौके पर पहुंची यूपी 100 और परतापुर थाना पुलिस अपना काम भूलकर जापानी युवती के साथ सेल्फी लेने में जुट गई। काफी देर तक विदेशी मेहमान को रोककर फोटोग्राफी भी कराई।
घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। पुलिस के अनुसार जापान निवासी यह युवती टूरिस्ट आई-10 कार से ऋषिकेश से दिल्ली एयरपोर्ट लौट रही थी। मोहिउद्दीनपुर में दीपक होटल के सामने उनकी कार स्कॉर्पियो से टकरा गई। स्कॉपियो मुजफ्फरनगर के एकता विहार निवासी पंकज शर्मा की थी। वह गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय जा रहे थे। टक्कर लगने के बाद दोनों गाड़ियां मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं।
लूट का मचा था शोर
दुर्घटना के बाद दोनो गाड़ियों के चालक एक-दूसरे से भिड़ने को तैयार हो गए। हंगामा खड़ा हो गया। इस बीच शोर मच गया कि विदेशी महिला से लूटपाट हो गई है। सूचना पर यूपी100 पुलिस और परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। दोनों पक्षों ने लिखित में समझौता कर पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिसकी कॉपी भी दी गई। इस कारण इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सेल्फी के लिए मची होड़
पुलिसकर्मी जब निश्चिंत हो गए कि कोई बड़ी बात नहीं है, तो विदेशी मेहमान को विदा करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उसके साथ सेल्फी लेनी शुरू कर दी। जापानी युवती पहले थोड़ा असहज हुई। लेकिन बाद में उसने भी खुश होकर फोटोग्राफी कराई।