बिजनौर, कालागढ़। कालागढ़ में मतदान केंद्रों को जाने वाले मतदाताओं की सुरक्षा को लेकर वन विभाग सतर्क हो गया है। स्थानीय अधिकारियों को मतदान केंद्रों तक जाने वाले मार्ग व मतदान केंद्रों पर गश्ती दलों को सक्रिय रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
बाघ की दहाड़, हाथियों की चिंघाड़ व भालू की आमद के चलते कालागढ़ के मतदान केंद्रों तक आने व मतदान करके वापस जाने वाले मतदाताओं की वन्यजीवों से सुरक्षा मजबूत की जा रही है। लकड़घाट व हाइड्रिल काॅलोनी से नई काॅलोनी के इंटरमीडिएट कॉलेज व प्राथमिक पाठशाला तक अक्सर मार्ग सुनसान रहता है। इस मार्ग के उत्तरी क्षेत्र में कार्बेट टाइगर रिजर्व का जंगल स्थित है। अक्सर बाघ, हाथी यहां विचरण करते रहते हैं। मतदान केंद्र भी सूखास्रोत के निकट स्कूलों में बने हैं।
प्राथमिक स्कूल की दीवार को अनेक बार हाथी ध्वस्त कर भी चुका है। वहीं यहां बाघ का भ्रमण आम बात है। सूखास्रोत में तो वन्यजीव दिन में भी आ जाते हैं। इन सभी मार्गों से मतदाता मतदान केंद्र पहुंचेंगे। मार्ग पर वन्यजीवों से कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए उच्च अधिकारियों ने सतर्कता बरतने के निर्देश स्थानीय वन अधिकारियों को दिए हैं।
- संवेदनशील स्थान
हाथीशाला से वाल्मीकि ब्रह्मालय तक, वैलफेयर सेंटर से इंटर कॉलेज ढाल तक व दूरभाष केंद्र के निकट अक्सर वन्यजीव विचरण करते हैं। अब गर्मी बढ़ने के साथ ही भालू भी शहद के छत्तों की ओर आकर्षित हो रहा है।
- मतदान के दिन मुस्तैद रहेंगे गश्ती दल
कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक डी नायक ने बताया कि कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी व वन क्षेत्राधिकारी को मतदाताओं की सुरक्षा करने व गश्ती दलों को सतर्क रहने को निर्देशित किया गया है।