हस्तिनापुर। गोंडा निवासी महिला के साथ क्षेत्र के गांव गणेशपुर में हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को लगाया गया है।
जनपद गोंडा की निवासी महिला की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। क्योंकि पहले पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही थी। अब इस मामले में अधिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को लगाया गया है, जो शनिवार को हस्तिनापुर पहुंची और पीड़ित महिला के बताए अनुसार घटनास्थल का जायजा लिया और कई साक्ष्य जुटाए। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया था कि जिला गोंडा के थाना नवाबगंज क्षेत्र में रिश्तेदार के पास रहती है। वह किसी के बताने पर 31 दिसंबर को इकरामनगर वंदना विहार मवाना में अशरफ हकीम के पास आई थी। रास्ते में हकीम का बेटा दिलशाद व एक अन्य युवक मिला। उन्होंने कहा कि हकीम घर पर नहीं हैं। हम तुम्हें हकीम के पास लेकर चलते हैं और उसे कार में बैठाकर हस्तिनापुर की तरफ ले गए। दिलशाद ने ईख के खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया। उसका साथी बाहर खड़ा रहा और धमकी दी कि अगर किसी से जिक्र किया तो जान से मार देंगे। महिला ने बताया कि दिलशाद साथी का नाम बिलाल पुकार रहा था।
पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए फोरेंसिक और सर्विलांस टीम की मदद ले रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।