एमडीए को गढ़ रोड स्थित सुपर मैक्स और न्यू मंगलम अस्पताल पर लगानी थी सील
अस्पताल मालिकों ने भी एमडीए से मांगा दो दिन का समय, अस्पताल का सामान निकाला जा रहा
मेरठ। गढ़ रोड स्थित ग्रीन बेल्ट पर बनाए गए सुपर मैक्स और न्यू मंगलम अस्पताल पर शुक्रवार को सील की कार्रवाई नहीं हो सकी। अयोध्या मामले में आए फैसले के बाद बरती जा रही चौकसी के कारण फोर्स देने से मना कर दिया गया। जिससे एमडीए ने कार्रवाई को 20 नवंबर तक टाल दिया है। हालांकि, अस्पताल संचालकों ने भी एमडीए पहुंचकर सामान समेटने के लिए दो दिन की मोहलत मांगी थी।
हाईकोर्ट में चल रहे इस मामले में एमडीए ने शुक्रवार को मंगलम और मैक्स अस्पताल पर सील लगाने का प्लान तैयार किया था। मुख्य चिकित्साधिकारी ने भी सुपर मैक्स और न्यू मंगलम अस्पताल का पंजीकरण निरस्त कर दिया था। इस मामले में हाईकोर्ट ने एमडीए सचिव प्रवीणा को 29 नवंबर को पूरे रिकॉर्ड के साथ हाईकोर्ट बुलाया है। वर्ष-2018 में भी एमडीए ने गढ़ रोड के 73 व्यापारियों को ग्रीन बेल्ट पर किए गए निर्माण के नोटिस जारी किए थे। जिसके बाद व्यापारियों ने तत्कालीन उपाध्यक्ष साहब सिंह का घेराव किया था।
फोर्स मिलेगी तो लगा देंगे सील
फोर्स नहीं मिल सकी है। इसलिए कार्रवाई को 20 तक टाल दिया गया। फोर्स मिलने के बाद तुरंत सील की कार्रवाई कर दी जाएगी। प्रवीणा अग्रवाल, एमडीए सचिव