मेरठ। जर्मनी के म्यूनिख शहर में मेरठ में बने खेल के उपकरणों ने धूम मचा दी। मंगलवार को शुरू हुई आईएसपीओ विंटर एग्जीबिशन में बैट और फुटबाॅल को खूब सराहा गया। एग्जीबिशन में मेरठ के एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत खेल उपकरणों से जुड़े उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए। उद्यमियों ने क्रिकेट, एथलेटिक्स, फील्ड उपकरण, फुटबॉल, कपड़े आदि स्टॉल प्रदर्शित किए। इस दौरान उद्यमियों को पहले ही दिन अच्छे ऑर्डर भी मिले।
भल्ला इंटरनेशनल के संचालक शेखर भल्ला ने बताया कि आईएसपीओ द्वारा विंटर और समर साल में दो बार एग्जीबिशन लगाई जाती है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी 27 साल से निरंतर एग्जीबिशन में शामिल हो रही है। 140 स्क्वायर मीटर के स्टॉल पर 850 उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। शेखर भल्ला ने बताया कि पहले ही दिन काफी अच्छे ऑर्डर मिले हैं। नेशनल स्पोर्ट्स के द्वारा स्टॉल पर स्पोर्ट्स उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। आशीष महाजन ने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा स्पोर्ट्स उपकरण, एथलेटिक्स उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं। मैक्सवेल स्पोर्ट्स के संचालक अपार महाजन ने बताया कि मल्टी स्पोर्ट्स उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा केएल महाजन एंड संस के संचालक धर्म महाजन, गुजराल इंडस्ट्रीज से राजेश गुजराल आदि के द्वारा भी स्टॉल लगाए गए हैं।
उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने बताया कि मेरठ के खेल उपकरणों की विश्वभर में अलग पहचान है। जर्मनी सहित अन्य देशों में मेरठ के उपकरणों की अच्छी मांग रहती है। सरकार द्वारा भी ओडीओपी के अंतर्गत कई योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। खेल से जुड़े उद्योगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। उद्योग विस्तार के लिए विभागीय स्तर पर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा केएल महाजन एंड संस के संचालक धर्म महाजन, गुजराल इंडस्ट्रीज से राजेश गुजराल आदि के द्वारा भी स्टॉल लगाए गए हैं।