मवाना। आगामी दिवाली त्योहार के मद्देनजर बाजारों में मिलावटी और घटिया सामग्री की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने नगर में सघन चेकिंग और सैंपलिंग अभियान चलाया, जिससे मिठाई आदि की दुकान करने वाले व्यापारियों में हड़कंप का माहौल बना रहा।
शुक्रवार शाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंदल यादव और पीके वर्मा के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले पंजाब नेशनल बैंक के सामने स्थित मुख्तियार सिंह हलवाई की दुकान पर छापा मारा। अधिकारियों ने दुकान में रखी मिठाइयों व खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की और वहां से बालूशाही एवं देसी घी के सैंपल सील किए। इसके बाद टीम ने चौहान चौक के समीप स्थित मुख्तियार सिंह हलवाई की दूसरी दुकान पर दबिश दी। यहां भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गहनता से निरीक्षण करते हुए देसी घी और बालूशाही का सैंपल संग्रहित किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंदल यादव ने बताया कि त्योहारों के अवसर पर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एकत्र किए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को हिदायत दी कि वह सफाई का विशेष ध्यान रखें और केवल शुद्ध सामग्री की ही बिक्री करें। खाद्य विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से नगर के अन्य मिष्ठान विक्रेताओं और दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
मुख्तयार सिंह हलवाई की दुकान पर सैंपल लेती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम (मवाना)