सरूरपुर। कस्बा करनावल निवासी प्रसिद्ध लोकगीतकार अमर का शनिवार को क्षेत्र में आगमन पर युवाओं ने भव्य स्वागत किया। हरियाणवी संगीत जगत में अपनी खास पहचान बना चुके अमर के सम्मान में ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर युवाओं ने उल्लास प्रकट किया।
अमर ने मशहूर गायक मासूम शर्मा के लिए कई हिट गीत लिखे हैं, जिन्हें श्रोताओं ने भरपूर सराहा है। उनके गीतों में लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलती है, जो उन्हें अन्य गीतकारों से अलग बनाती है। स्वागत समारोह के दौरान अमर ने कहा कि मैं अपनी मिट्टी और लोगों के प्यार से प्रेरित हूं। आगे भी लोक संस्कृति को अपने गीतों के माध्यम से जीवित रखने का प्रयास करता रहूंगा। स्थानीय युवाओं ने अमर को क्षेत्र की शान बताते हुए कहा कि उनकी सफलता से न सिर्फ क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है, बल्कि वह युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन गए हैं।