डकैती के 36 घंटे में मुठभेड़ कर दबोचे पांच लुटेरे
मेरठ। रेलवे रोड थाने के पास भटीपुरा मोहल्ले में डकैती के 36 घंटे में पुलिस ने बदमाशों से सीधी मुठभेड़ कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन बदमाश घेरकर दबोचे। पुलिस ने तीन बदमाशों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा दिया गया।
एसएसपी अजय साहनी ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार रात बदमाशों ने भटीपुरा मोहल्ले में व्यापारी जितेंद्र वाधवा और उनकी पत्नी सरोज वाधवा पर पीटकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश जमनिया बाग में डकैती में लूटे नकदी व जेवरात का बंटवारा कर रहे थे। सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी प्रशांत कपिल, दरोगा योगेंद्र सिंह, एसओ रेलवे रोड इंद्रपाल सिंह ने पुलिस टीम के साथ बदमाशों की घेराबंदी कर ली। जिस पर बदमाशों ने गोली चला दी। पुलिस की दो गोली सरताज और एक गोली शफाकत निवासी खत्ता मोहल्ला ब्रह्मपुरी के पैर में लगी। जबकि तीन बदमाश नईम, इस्लाम उर्फ पट्टू निवासी खत्ता मोहल्ला को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने 36 घंटे के अंदर ही पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा हुआ कैश और पूरा जेवरात बरामद कर लिया। एसएसपी ने पुलिस टीम को 15 हजार का इनाम दिया है।
15 साल पुराने वफादार नौकर ने कराई वारदात
एसएसपी अजय साहनी के मुताबिक इस वारदात को आरोपी नईम ने सटीक रैकी की। आरोपी नईम जितेंद्र वाधवा की लकड़ी की टाल पर 15 साल से नौकरी करता है। 15 साल पुराने वफादार नौकर ने यह वारदात कराई है। 36 घंटे में खुलासा करने पर व्यापारियों ने प्रेसवार्ता में पहुंचकर पुलिस के कार्य की सराहना की है।