फरहा तो बेसब्री से अपने मां और पिता के घर आने का इंतजार कर रही थी। फतेह की बूढ़ी मां शम्मो भी अपने बहू, बेटे की राह देख रही थर। लेकिन शाम को फतेह और उसके परिवार की हादसे में मौत की खबर आई तो कोहराम मच गया। फतेह मोहम्मद के तीन अन्य भाई यूनुस, यूसुफ, शाहरुख और गांव के लोग दुर्घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव डौला में मातम छा गया। सोमवार सुबह पांचों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
किसान फतेह मोहम्मद की सिवालखास में ससुराल है। फतेह मोहम्मद रविवार दोपहर को बाइक पर पत्नी व तीन बच्चियों को लेकर ससुराल में मिलवाने के लिए गया था। वहां से शाम को करीब साढ़े सात बजे वह वापस अपने गांव डौला लौट रहे थे। तभी बालैनी में टोल प्लाजा के पास एक कैंटर ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में फतेह मोहम्मद (35), उसकी गर्भवती पत्नी तबस्सुम (32), बेटी इलमा (8), इकरा (6), मायरा (2) की मौके पर ही मौत हो गई।
सात माह की गर्भवती थी महिला
फतेह मोहम्मद के परिजनों ने बताया कि महिला तबस्सुम सात माह की गर्भवती थी। लेकिन इस हादसे में उसकी भी मौत होने से गर्भ में पल रहा बच्चा भी दुनिया में आने से पहले ही चला गया। वहीं नन्ही इकरा को मां के साथ ही दफनाया गया।
कैंटर चालक गिरफ्तार
पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर हादसे के आरोपी कैंटर चालक इरशाद निवासी सदर बाजार मेरठ को गिरफ्तार कर लिया है।