दुकानदार आमिर और भतीजे अयान का निजी अस्पताल में हुआ ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगानगर। इंचौली थाना क्षेत्र के पबला गांव में मारपीट व चाचा-भतीजे आमिर और अयान को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी फरार हैं। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। जिला अस्पताल में देरी के कारण घायलों का निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराना पड़ा।
प्रशिक्षु सीओ इंचौली थाना प्रभारी नितीश कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम तैयार कर आरोपियों की घेराबंदी की गई। मसूरी फ्लाईओवर के पास से पांच आरोपी आदित्य उर्फ रामू, वंश उर्फ पीके, बादल, मोहन, शैलू उर्फ ऑरेंज को गिरफ्तार किया। आदित्य के पास से पुलिस ने तमंचा बरामद किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गोली लगने से घायल दुकानदार आमिर और भतीजे अयान का शनिवार दोपहर तक जिला अस्पताल में ऑपरेशन नहीं हो सका। इसके चलते उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहां ऑपरेशन कर पैर से गोली निकाली। गांव में पूरे दिन पुलिस की गश्त करती रही।
इन छह आरोपियों पर दर्ज हुआ था मुकदमा
प्रियांशु मलिक उर्फ सुच्चा के बाबा धर्मवीर की तहरीर पर इंचौली पुलिस ने शुक्रवार को रितिक उर्फ काला, वंश उर्फ पीके, कल्लू उर्फ निकुंज, मोहन, आदित्य उर्फ रामू, आकाश के खिलाफ अनेक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।