मेरठ। वर्तमान में शहरी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण में काफी तेजी आई है। प्रशासन का मानना है कि इसका मुख्य कारण संक्रमण की दृष्टि से दिल्ली के नजदीक मेरठ का होना है। यहां से रोजाना काफी अधिक संख्या में कर्मचारी और व्यवसाय करने वाले दिल्ली आते-जाते हैं।
नवंबर में किए गए संक्रमण के फैलाव का विश्लेषण करने पर पता चला कि पांच क्षेत्र ऐसे हैं जहां सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज मिले हैं। इनमें प्राथमिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के हिसाब से राजेन्द्र नगर, जयभीम नगर, नगला बट्टू, पुलिस लाइन और पल्हेड़ा शामिल हैं। इन क्षेत्रों के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में राजेंद्र नगर सेक्टर 2, सेक्टर 6, शास्त्रीनगर और सभी सेंट्रल मार्केट शामिल हैं। जयभीम नगर से जागृति विहार सेक्टर 5, सेक्टर 6, सेक्टर 7 और सेक्टर 8, नंगलाबट्टू से नेहरू नगर गली नंबर 2, गली नंबर 3 और साकेत हैं। पुलिस लाइन क्षेत्र में नई मोहनपुरी, पुरानी मोहनपुरी, गांधी नगर और नेहरू रोड, जबकि पल्हेड़ा क्षेत्र से पल्लवपुरम फेस-1 और फेस-2, अंसल टाउन, शील कुंज, एकता नगर, अक्षरधाम और क्वींसलैंड हैं।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने निर्देश दिए हैं कि इन जगहों पर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी की जरूरत है। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन न करने पर कार्रवाई की जाए। सभी दुकानदारों, ठेला, टेंपो वालों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां जाकर रोला की जांच करें और पुलिस प्रशासन उनका सहयोग करे।