मेरठ। जेल चुंगी चौराहे के पास शनिवार रात मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मारने में पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक की प्रेमिका व बड़े भाई समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का पत्नी से तलाक को लेकर विवाद चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, जेलचुंगी निवासी अजय अधाना (30) का जेल रोड पर हर्ष मेडिकल स्टोर है। शनिवार रात साढ़े नौ बजे मेडिकल स्टोर बंद कर अजय कार में बैठ रहे थे। तभी बाइक सवार युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली अजय के दाहिने हाथ में लगी। रविवार को पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। सीओ सिविल लाइन संजीव देशवाल कहना है कि मेडिकल स्टोर संचालक का पत्नी से तलाक का मामला कोर्ट में है। युवक की पत्नी जेठ विजय के साथ रह रही है। अजय की प्रेमिका ने पूर्व में मेडिकल थाने में दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कराया था। जिसमें वह जेल भी गया था। सीओ का कहना है कि तहरीर के आधार पर अजय के बड़े भाई विजय और औरंगशाहपुर डिग्गी निवासी एक महिला व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।