मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दो छात्र गुटों के बीच राजनीतिक वर्चस्व ही नहीं, बल्कि छात्रा को लेकर भी विवाद चल रहा है। पुलिस ने अब इस बिंदु पर भी काम करना शुरू कर दिया है। पुलिस विवि में बवाल करने वाले 35 छात्रों को चिह्नित कर चुकी है। इनमें से पांच छात्रों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस फरार आरोपियों के लिए दबिश दे रही है।विवि के गेट पर शुक्रवार को एबीवीपी के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष हंस चौधरी व अक्षय बैंसला गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई थी। इसके बाद दोनों गुटों की ओर से एक-दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्र गुटों के बीच राजनीतिक वर्चस्व के साथ-साथ छात्रा को लेकर भी विवाद चल रहा है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
विवि में सादी वर्दी में पुलिस कर रही निगरानी
- बवाली छात्रों की धरपकड़ के लिए पुलिस विवि में सादी वर्दी में भी निगरानी कर रही है। विवि के साथ-साथ आसपास के हॉस्टल व किराये पर रहने वाले छात्रों पर भी पुलिस नजर रखे हुए है। देखा जा रहा है कि कहीं बवाली छात्र निजी हॉस्टलों या फिर अपने साथियों के कमरों में तो नहीं छिपे हैं।
-
कुछ छात्राओं के बारे में भी की जा रही पूछताछ
छात्र गुटों के बीच चल रहे विवाद में छात्रा का नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने इस बिंदू पर जांच शुरू की है। इसके चलते कुछ छात्राओं के बारे में भी पूछताछ की गई है।