बाइक में साइड लगने के विवाद में आधा दर्जन युवकों ने शनिवार दोपहर भगत सिंह मार्केट में रेडीमेड गारमेंट व्यापारी की दुकान पर हमला बोलकर फायरिंग कर दी। जिससे बाजार में भगदड़ मच गई।
पुलिस के अनुसार हापुड़ अड्डा स्थित भगत सिंह मार्केट में फईम अहमद की रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। दोपहर में शाहपीर गेट चौकी के पास बाइक की साइड लगने पर फईम का एक युवक से विवाद हो गया था। उस वक्त लोगों ने मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद फईम अपनी दुकान पर पहुंचा तो कुछ देर बाद ही आधा दर्जन युवकों के साथ पहुंचे उसी युवक ने फईम को दुकान से बाहर खींचकर उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। फईम के भाई और अन्य लोग उसे बचाने दौडे़ तो हमलावरों ने कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। फईम ने अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर दी है।
फुटेज से हुई पहचान
फईम के अनुसार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज देखकर ही लोगोें की मदद से उन्होंने हमलावरों की पहचान की। वहीं, एसओ कोतवाली विजय गुप्ता ने बताया कि अभी फुटेज नहीं मिली है। फुटेज के आधार पर तहरीर में हमलावरों के नाम खोले जाएंगे। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।