अस्पतालों के बर्न वॉर्डों में रहेगी व्यवस्था, दमकल के साथ-साथ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने दिवाली त्योहार के मद्देनजर पुलिस और दमकल विभाग की टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी ने कहा कि दिवाली पर लोग आतिशबाजी करते हैं, ऐसे में कोई आग न लग जाए। जिसके चलते दमकल विभाग अपनी पूरी तैयारियां कर लें। सभी पॉइंटों पर दमकल की गाड़ियां तैनात की जाएं।
डीआईजी ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पटाखों की अस्थायी दुकानों पर दमकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए हैं। यह कदम पटाखों और विस्फोटक पदार्थों के प्रयोग से होने वाले अग्निकांडों को रोकने के लिए उठाया गया है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। अग्निशमन कर्मचारियों को आपातकालीन या अग्निशमन कॉल पर पूरी तैयारी के साथ जाने के निर्देश दिए गए। पानी के स्रोतों की सूची बनाकर जिलों के सभी नियंत्रण कक्ष में चस्पा की जाए। थाना स्तर पर आतिशबाजी व्यापारियों के साथ गोष्ठी कर उन्हें मानकों की जानकारी देने को कहा गया है। आतिशबाजी की दुकानों की अनुमति की एक कॉपी जनपद प्रभारी के पास अवश्य जाए। सरकारी और निजी अस्पतालों में दहन वार्ड बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
-