मेरठ में सूरजकुंड स्थित लक्ष्मी नगर में गुरूवार को स्पोर्ट्स फैक्ट्री में आग लग गई। तीन मंजिला फैक्ट्री में आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं थे। आसपास के लोगों ने भी अपने घरों को खाली कर दिया। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
मेडिकल निवासी अनुज शर्मा की सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट के पास लक्ष्मी नगर में ट्रकसूट बनाने की फैक्ट्री है। तीन मंजिला बिल्डिंग में ट्रकसूट बनाने का काम चलता है। सुबह पड़ोस के लोगों ने फैक्ट्री मालिक को सूचना दी कि फैक्ट्री में आग लग गई।
इसके बाद फैक्ट्री मालिक और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इस जगह फैक्ट्री है फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी नहीं पहुंच सकती। ऐसे में फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया है शॉर्ट सर्किट से आग लगी है, आग से लाखों का नुकसान होना बताया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा का कहना है फैक्ट्री में आग बुझाने के उपकरण नहीं थे। फैक्ट्री की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।