आग का गोला बना डीसीएम, चालक ने कूदकर बचाई जान
मेरठ। सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार आधी रात चलते डीसीएम वाहन में आग लग गई। लपटें देख चालक ने ब्रेक लगा दिए और कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस लाइन फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह क्रेन से रास्ते को खाली कराया गया, तब जाकर यातायात बहाल हुआ। बताया जा रहा है कि डीसीएम में गत्ता अधिक ऊंचाई तक भरा होने के कारण वह रास्ते में हाईटेंशन लाइन से टकराया और चिंगारी के चलते उसमें आग लग गई। ट्रक मालिक ने थाने में तहरीर दी है।
अलीगढ़ से गत्ते से लदे डीसीएम शनिवार को मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुआ। डीसीएम को थाना इंचौली के खरदौनी गांव का राशिद चला रहा था। यह डीसीएम सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड सीताराम पुलिया के पास पहुंचा तो अचानक आग लग गई। साइड के शीशे से चालक ने आग की लपटें देखीं तो उसने ब्रेक लगाए और कूद गया। देखते ही देखते डीसीएम आग के गोले में तब्दील हो गया। सूचना पर द्वितीय अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद अफजल तीन गाड़ियों के साथ पहुंचे। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के दौरान रात में क्रेन न मिलने के कारण डीसीएम को रास्ते से नहीं हटाया जा सका। सुबह पुलिस व्यवस्था बनाने में जुटी थी कि करीब सात बजे सूचना मिली कि डीसीएम में फिर आग लग गई है। आनन-फानन में क्रेन मंगाकर गत्ते को हटवाते हुए दमकल की मदद से आग को बुझाया गया। सुबह भी कई घंटे रास्ता खाली कराने में लग गए। चीफ फायर ऑफिसर संतोष कुमार राय ने बताया कि हाईटेंशन लाइन से टकराने के बाद गत्ते पर गिरी चिंगारी से आग लगने की संभावना है। आग से डीसीएम वाहन और इसमें रखा गत्ता पूरी तरह जल गया।