मवाना। 55 वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह पर मेरठ हरिद्वार हाईवे प्रोजेक्ट के तहत भैंसा टोल प्लाजा परिसर में अग्निशमन प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन केंद्र की टीम ने कर्मचारियों को आग के विभिन्न प्रकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
टीम के सदस्यों ने बताया कि अलग-अलग प्रकार की आग को किस प्रकार सुरक्षित तरीके से बुझाया जा सकता है। इस अवसर पर मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगाकर उसे नियंत्रित करने का प्रदर्शन भी किया गया। जिससे कर्मचारियों को वास्तविक परिस्थितियों में आग पर काबू पाने की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला। साथ ही एलपीजी सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से कैसे नियंत्रित किया जाए, इस विषय पर भी मॉक ड्रिल कर कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
जिसमें फायर स्टेशन से लीडिंग फायरमैन प्रेमपाल सिंह, चालक अरविंद राणा फायरमैन सचिन कुमार,जितेंद्र सिंह, अंकित कुमार की संयुक्त टीम ने कराया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अमित प्रणव, प्रबंधक (तकनीकी) साकेत मिश्रा, टीम लीडर शहजाद शाहिद, मेरठ हरिद्वार हाईवे के परियोजना प्रबंधक गोविंद कुमार सैनी, मेंटेनेंस मैनेजर धर्मेंद्र कुशवाहा उपस्थिति रहे।